सोनीपत में मैक्स हॉस्पिटल की नई पहल: अब बीएमटी और कैंसर विशेषज्ञ ओपीडी सेवाएं उपलब्ध
सोनीपत में मैक्स हॉस्पिटल की नई पहल, अब बीएमटी और कैंसर विशेषज्ञ ओपीडी सेवाएं उपलब्ध।
सोनीपत, अजीत कुमार। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, द्वारका ने क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सक्सेना मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन (बीएमटी) और मेडिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस विशेष ओपीडी सेवा का शुभारंभ मैक्स हॉस्पिटल की बीएमटी एवं हेमेटो ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. प्रतिभा धीमान और मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. शाइना गोयल की उपस्थिति में किया गया।
नई व्यवस्था के तहत डॉ. शाइना गोयल प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार तथा डॉ. प्रतिभा धीमान प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक मरीजों को प्राथमिक परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगी। इससे सोनीपत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को दिल्ली जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा।
डॉ. प्रतिभा धीमान ने बताया कि ल्यूकेमिया, लिम्फोमा और मायलोमा जैसे ब्लड कैंसर की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों जैसे इम्यूनोथेरेपी, सीएआर टी -सेल थेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट से मरीजों के उपचार परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वहीं डॉ. शाइना गोयल ने कहा कि कैंसर के शुरुआती संकेतों को पहचानना और समय पर जांच कराना सफल उपचार की कुंजी है। उन्होंने बताया कि ओपीडी सेवाओं में कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी, हार्मोन थेरेपी और मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मैक्स हेल्थकेयर का उद्देश्य देशभर में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना है। करीब 6,000 बेड और 21 अस्पतालों के नेटवर्क के साथ मैक्स हेल्थकेयर उत्तर भारत के प्रमुख हेल्थकेयर संगठनों में शामिल है, जो आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध करा रहा है।
