सोनीपत क्राइम: सोनीपत में एसीबी ने डेढ़ लाख रिश्वत लेते जेई और ठेकेदार गिरफ्तार किए
सोनीपत: सिवित अस्पताल में पहुंचे परिजन इनसेट में मृतक विजय और उसकी पत्नी सुनीता का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर और एक ठेकेदार को डेढ़ लाख रुपये रिश्वत लेते सोमवार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर पॉल्ट्री फार्म के लिए नया बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन लगवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम दोनों से पूछताछ कर रही है। मंगलवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव भटगांव में वरदान पॉल्ट्री फार्म का निर्माण कार्य चल रहा है। फार्म के संचालन के लिए नए बिजली कनेक्शन की जरूरत थी। इसी सिलसिले में शिकायतकर्ता ने बिजली निगम से संपर्क किया था। आरोप है कि भटगांव सब डिवीजन बिजली केंद्र में तैनात जेई सूरज ने नया कनेक्शन जारी करने और लाइन लगाने के बदले रिश्वत मांगी। बताया गया है कि जेई ने सीधे पैसे लेने के बजाय गन्नौर निवासी ठेकेदार राहुल को बीच में लगाया। शिकायतकर्ता के अनुसार ठेकेदार के जरिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की सूचना एसीबी को दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जांच शुरू की और जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी की दो अलग-अलग टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम लेते समय दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वतखोरी के इस पूरे नेटवर्क में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल है या नहीं।
अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
