सोनीपत क्राइम: सोनीपत में नाबालिग अपहरण-दुष्कर्म आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
AI से जनरेट फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। खरखौदा पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान गांव सैनीपुरा, जिला सोनीपत निवासी नवीन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसकी बेटी सुबह विद्यालय पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने विद्यालय जाकर पूछताछ की तो पता चला कि वह उस दिन विद्यालय पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद परिवार ने आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की, पर कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से बेटी की तलाश की गुहार लगाई।
शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बरामद किया। न्यायालय के आदेश पर लड़की के बयान न्यायिक दंडाधिकारी के सामने दर्ज कराए गए और महिला विशेषज्ञ तथा कानूनी सहायता के माध्यम से परामर्श दिलाया गया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो तथा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धाराएं जोड़ी गईं। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त खरखौदा जोगिन्द्र शर्मा ने अपनी पुलिस टीम के कार्रवाई करते हुये नाबालिग लड़की को बरामद किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
