April 22, 2026

सोनीपत: खेत में तेंदुए का हमला, वृद्ध किसान घायल हालत गंभीर

Sonipat Leopard attacks farm, elderly farmer injured, condition critical

AI से जनरेट फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गांव नांदनौर में खेत पर गए एक बुजुर्ग किसान पर तेंदुए ने मंगलवार को हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है।

परिजनों के अनुसार किसान धर्मपाल रोज की तरह सुबह घर से खेत के लिए निकले थे। खेत में पहुंचते ही अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। तेंदुए ने गर्दन, कमर, छाती और बाजू समेत शरीर के कई हिस्सों पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख तेंदुआ मौके से भाग गया।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग और वाइल्डलाइफ टीम को भी बुलाया गया, जिसके बाद संयुक्त खोज अभियान शुरू किया गया। मौके पर एक पेड़ के नीचे मिले निशानों और फुट मार्क से पुष्टि हुई कि हमला तेंदुए ने ही किया है। करीब 25 सदस्यीय टीम आसपास के गांवों और यमुना नदी के किनारे तक तेंदुए की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरे लगाए गए हैं। टीम के साथ चिकित्सक खासा भी मौजूद हैं, जो तेंदुए के मिलने पर उसे बेहोश कर सुरक्षित पकड़ने का प्रयास करेंगे।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सुबह और रात के समय अकेले खेतों में नहीं जाने की चेतावनी दी है। लोगों से तीन-चार के समूह में खेत जाने और शोर करते हुए निकलने की अपील की गई है। गांव में मुनादी कराकर सभी को सतर्क किया गया है। घायल किसान का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है और हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

About The Author