सोनीपत: बेल्जियम के छात्रों ने बधिर बच्चों संग खुशियां बांटी
सोनीपत: बेल्जियम के छात्रों ने बधिर बच्चों संग सामुहिक फोटो करवाते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के न्यू कोर्ट रोड स्थित श्रवण व वाणी केंद्र में मंगलवार को बेल्जियम से आए 21 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह ने बधिर बच्चों के साथ समय बिताया। कार्यक्रम का आयोजन सेफ इंडिया फाउंडेशन और अशोका यूनिवर्सिटी रोट्रैक्ट क्लब ने मिलकर खुशियों को साझा किया। विदेशी छात्रों ने बच्चों के साथ आर्ट और क्राफ्ट गतिविधियों में भाग लिया और उन्हें नई क्राफ्ट तकनीक सिखाईं।
बेल्जियम से आए छात्रों ने बच्चों के साथ खेलते-सीखते हुए पूरा दिन बिताया। भाषा की बाधा यहां बिल्कुल महसूस नहीं हुई। मुस्कान, इशारों और भावनाओं के जरिए बच्चों और मेहमानों के बीच गहरा जुड़ाव बना। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और विदेशी मेहमानों ने भी इसे यादगार अनुभव बताया।
सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रोजेक्ट इंचार्ज अविनाश सेठी और बलराज वशिष्ठ ने बताया कि संस्था पिछले दो साल से इस स्कूल के बच्चों की मदद कर रही है। बच्चों को सुबह, दोपहर और शाम का भोजन, स्कूल ड्रेस, कॉपी-किताबें और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था की प्राथमिकता है। संस्था हर महीने के आखिरी रविवार को उन बच्चों का जन्मदिन भी मनाती है जिनका जन्मदिन उसी महीने होता है। इससे बच्चों को परिवार जैसा माहौल मिलता है।
संस्था के चेयरमैन वाई. के. त्यागी, प्रधान संजय सिंगला और स्कूल इंचार्ज मोहित डागर ने समाज से अपील की कि अगर कहीं ऐसे बच्चे दिखें जो सुन या बोल नहीं सकते, तो उन्हें इस विद्यालय तक पहुंचाने में सहयोग करें ताकि वे भी पढ़-लिखकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि जब बेल्जियम के छात्रों को संस्था के प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी गई तो उन्होंने काम की सराहना की और आगे भी सहयोग की इच्छा जताई। कार्यक्रम में अशोका यूनिवर्सिटी की माहिरा बिंद्रा, रूबाली भल्ला और वंशिका बजाज भी शामिल रहीं। यह कार्यक्रम सेवा, सहयोग और मानवता का मजबूत संदेश देकर समाप्त हुआ।
