सोनीपत: प्लास्टिक पर कार्रवाई चार स्टॉकिस्टों पर 85 हजार रुपये का जुर्माना
सोनीपत: उपायुक्त नेहा सिंह निरीक्षण करते हुए
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद गोहाना की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लागू कराने के लिए विशेष अभियान चलाया। टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 56 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की और चार स्टॉकिस्ट प्रतिष्ठानों पर कुल 85 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने बताया कि जब्त प्लास्टिक को वैज्ञानिक तरीके से निपटान के लिए जेबीएम प्लांट भेजा जा रहा है। अभियान के दौरान नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी निशा शर्मा भी मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है, इसलिए इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। नगर परिषद समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी। नागरिकों और व्यापारियों से अपील की गई कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें।

इसी दिन उपायुक्त नेहा सिंह ने गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गोहाना अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में पहुंच रही फसल की खरीद, उठान, बायोमैट्रिक सत्यापन, श्रमिक व्यवस्था, परिवहन प्रणाली और ई-खरीद पोर्टल की समीक्षा की। उपायुक्त ने मंडी में मौजूद किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की समय पर खरीद सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि मंडी में आने वाली हर किसान की फसल समय पर खरीदी जाए और उठान कार्य तेज किया जाए ताकि किसानों को परेशानी न हो। खरीद एजेंसियां, मार्केट कमेटी, वेयरहाउस एजेंसियां और परिवहन ठेकेदार आपसी समन्वय से काम करें। उठान में देरी होने पर ठेकेदारों के खिलाफ पेनल्टी, नोटिस और ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उपायुक्त ने बायोमैट्रिक सत्यापन और ई-खरीद पोर्टल की एंट्री समय पर करने के निर्देश दिए। मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, छाया और शौचालय जैसी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। इसके बाद उन्होंने रामगढ़ स्थित एफसीआई गोदाम का दौरा कर भंडारण क्षमता, स्टैकिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम अंकित कुमार, सचिव मार्केट कमेटी गोहाना सुरेश कुमार, हैफेड मैनेजर ज्योति, वेयरहाउस मैनेजर रेनूबाला, प्रधान अनाज मंडी गोहाना श्यामलाल वशिष्ठ, रामधारी जिंदल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
