April 20, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत निकाय चुनाव के लिए डीआईजी हामिद अख्तर पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त

DIG Hamid Akhtar appointed as police observer for Sonipat civic polls

सोनीपत: डीआईजी हामिद अख्तर चुनाव पर्यवेक्षक (पुलिस) नियुक्त

  •  नगर निगम सोनीपत चुनाव-2026 हेतु पुलिस चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त

सोनीपत, ज्योति शर्मासोनीपत नगर निगम के महापौर और पार्षद चुनाव को लेकर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत हामिद अख्तर, आईपीएस, डीआईजी राज्य अपराध शाखा को सोनीपत के लिए चुनाव पर्यवेक्षक (पुलिस) नियुक्त किया है। नगर निगम चुनाव 10 मई को कराए जाएंगे।

सोमवार को उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि आयोग की अधिसूचना के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल को होगी। उम्मीदवार 28 अप्रैल तक नाम वापस ले सकेंगे। उसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा और अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होगी। मतदान 10 मई को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक होगा, जबकि मतगणना 13 मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

उपायुक्त नेहा सिंह के अनुसार हामिद अख्तर 24 अप्रैल को सोनीपत पहुंचकर चुनाव से जुड़ी कानून व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। चुनाव अवधि के दौरान जिले में शांति और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। उनकी जिम्मेदारियों में संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण, अवैध नकदी और शराब के वितरण पर रोक, अवैध हथियारों की आवाजाही पर नजर और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी शामिल है।

आम जनता, उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर जरूरी कार्रवाई कराई जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार पर्यवेक्षक मतदान के दिन अधिक से अधिक मतदान केंद्रों का दौरा करेंगे और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत रिपोर्ट भेजेंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान वे सीधे हरियाणा राज्य चुनाव आयोग को ही रिपोर्ट करेंगे।

जिला प्रशासन उनके संपर्क विवरण का प्रचार करेगा ताकि मतदाता और उम्मीदवार अपनी शिकायतें सीधे उनके सामने रख सकें। प्रशासन को भरोसा है कि उनकी निगरानी में जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न होगा।

About The Author