April 20, 2026

सोनीपत क्राइम: फोन हैक कर लाखों ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

Sonepat: Two accused of inter-state gang who cheated lakhs by hacking phones arrested

सोनीपत: गिरफ्तार आरोपी सीताराम और युवराज।

  • गिरफ्तारी अजमेर और जयपुर से की गई

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। साइबर थाना पुलिस ने फोन हैक कर महिला के खाते से एक लाख 8 हजार 942 रुपये निकालने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी अजमेर और जयपुर से की गई।

रविवार को पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि पुलिस उपायुक्त पश्चिम एवं साइबर कुशल पाल सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताराम और युवराज के रूप में हुई है।

इसके बाद पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि छह दिसंबर 2025 को महिला की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। महिला का खाता पंजाब नेशनल बैंक की मुडलाना शाखा में है। एक दिसंबर 2025 को खाते की जांच के दौरान उन्हें संदिग्ध लेनदेन का पता चला, जो उन्होंने नहीं किए थे। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फोन हैक कर खाते से रकम निकाली। ठगों ने फर्जी वेबसाइट और दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाए और उसी के जरिए ठगी को अंजाम दिया। संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना साइबर के प्रबंधक निरीक्षक बसंत कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक नवीन, सहायक उप निरीक्षक विनीत, सिपाही विकास और मुख्य सिपाही प्रदीप की टीम ने तकनीकी जांच और छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल मोबाइल फोन और 13 सौ रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 13 हजार रुपये बैंक खाते में होल्ड करवाए गए हैं। रविवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या संदेश पर भरोसा न करें। निवेश या ट्रेडिंग से जुड़े प्रस्ताव की स्वयं जांच करें। केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और ज्यादा मुनाफे के लालच में न आएं। साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

About The Author