सोनीपत: अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
सोनीपत, अजीत कुमार। मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल राई में 11 अप्रैल 2026 को भव्य सभागार में अंतर-सदनीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक रामधारी शर्मा ने की। उनकी प्रेरणादायक उपस्थिति ने पूरे आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
प्रतियोगिता में सभी सदनों से तीन-तीन छात्रों ने भाग लिया और अपने-अपने विषयों पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने तार्किक, ओजपूर्ण और आत्मविश्वास से भरे विचार रखकर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। कड़े मुकाबले के बाद वरुण सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन्द्र सदन दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सूर्य सदन ने तीसरा स्थान हासिल किया।
निर्णायक मंडल में विजय सिंह शेखावत, पंकज वर्मा और प्रमोद कुमार रॉय शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष मूल्यांकन के आधार पर परिणाम घोषित किए। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा किया गया। इस दौरान शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रामधारी शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की वाक्-कला निखरती है और उनमें आत्मविश्वास, तार्किक सोच तथा नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।