सोनीपत क्राइम: मोबाइल विवाद में बंधक बनाकर पीटकर युवक की हत्या, तीन पर केस
सोनीपत: युवक बंधक बनाया हुआ इनसेट में मृतक फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के एक गांव में मोबाइल को लेकर हुआ विवाद हिंसक बन गया और युवक की मौत हो गई। आरोप है कि तीन लोगों ने युवक को चारपाई पर बांधकर लाठी-डंडों व कस्सी के बिंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर घायल युवक ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीन पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गन्नौर क्षेत्र के गांव पांची जाटान निवासी जयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा कमलजीत (32) 24 मार्च की शाम पड़ोसी रामदास के घर अपना मोबाइल लेने गया था, जो वहां चार्जिंग पर लगा था। आरोप है कि मोबाइल देने से मना करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।
शिकायत के अनुसार, भगवान दास और सोनू ने मिलकर कमलजीत को चारपाई पर बांध दिया और लाठी-डंडों व कस्सी के बिंडों से हमला कर दिया। देर तक घर नहीं लौटने पर जयपाल मौके पर पहुंचे तो बेटे को गंभीर हालत में पिटता देखा। उन्हें देखते ही आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रोगी को वाहन से सीएचसी गन्नौर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीपीएस खानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया, जहां उपचार शुरू हुआ। लगभग 12 दिन तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद 6 अप्रैल को उसकी मृत्यु हो गई।
चिकित्सकीय रिपोर्ट में शरीर पर छह गंभीर चोटें मिलीं, जो कुंद हथियार से लगी बताई गईं। सर्जन और अस्थि विशेषज्ञों ने भी चोटों को अत्यंत गंभीर माना। पुलिस के अनुसार शुरुआत में यह पड़ोस का मामला होने के कारण शिकायतकर्ता ने कार्रवाई से इनकार किया था और समय मांगा था। लेकिन युवक की मृत्यु के बाद लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
थाना गन्नौर पुलिस ने शिकायत और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।
