सोनीपत: सोनीपत जिले में 332 जैव विविधता प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन पूरा
सोनीपत जिले में 332 जैव विविधता प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन पूरा।
सोनीपत जिले में 332 जैव विविधता प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन पूरा।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले की सभी जैव विविधता प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन पूरा कर लिया गया है। यह जानकारी हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड, पंचकूला के जिला कोऑर्डिनेटर श्यो प्रसाद ने गांव शामड़ी सिसान में आयोजित जैव विविधता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान दी। कार्यक्रम का आयोजन गांव के सरपंच सुनील कुमार की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें ग्रामीणों को जैव विविधता के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
श्यो प्रसाद ने कहा कि जैव विविधता हमारे जीवन और पर्यावरण के संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड का उद्देश्य जैव विविधता अधिनियम 2002 के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जैव विविधता बोर्ड पंचकूला और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोनीपत के कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार जिले की सभी 332 जैव विविधता प्रबंधन समितियों का पुनर्गठन पूरा हो चुका है। इनमें 318 ग्राम पंचायत, 8 ब्लॉक, 5 नगर निगम और एक जिला परिषद की समितियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में सोनीपत ऐसा पहला जिला है, जहां यह कार्य पूर्ण रूप से पूरा किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान श्यो प्रसाद ने बीएमसी सदस्यों को कार्यवाही रजिस्टर नियमित रूप से बनाए रखने और समितियों के बैंक खाते खुलवाने के लिए बीडीपीओ कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी, ताकि भविष्य में योजनाओं का संचालन सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने बताया कि जल्द ही बोर्ड के चेयरमैन रणदीप सिंह जौहर और सदस्य सचिव अतुल जे. सिरसीकर (आईएफएस) के मार्गदर्शन में समितियों के सदस्यों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने पारंपरिक प्राकृतिक क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें संरक्षित करने की दिशा में आगे आएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जैव विविधता सुरक्षित रखी जा सके। इस अवसर पर राजपति, सुदेश, क्रांति, कमला और शिवानी सहित कई महिलाएं भी उपस्थित रहीं।