सोनीपत: विद्यालयों के बच्चों ने विभागों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी ली
सोनीपत: उपायुक्त सुशील सारवान बच्चों से बातचीत करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। प्रशासन से परिचय अभियान के तहत जिला के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। सोमवार को नौ विद्यालयों के 16 बच्चों ने विभिन्न सरकारी विभागों का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्था को नज़दीक से समझा और अधिकारियों के कामकाज का अनुभव लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को जिला प्रशासन की व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने समाधान शिविर की प्रक्रिया को भी देखा, जहां आमजन की शिकायतों को सुनकर तत्काल कार्रवाई की जाती है। बच्चों ने अनुभव किया कि प्रशासनिक व्यवस्था केवल आदेश देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसमें जनता की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।
उपायुक्त सुशील सारवान ने समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए बच्चों से बातचीत की और उन्हें प्रशासनिक बैज पहनाकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की व्यवस्था को समझना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव है। जब युवा पीढ़ी सरकारी कार्यप्रणाली को समझेगी, तभी समाज में जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील नेतृत्व विकसित होगा। उन्होंने बताया कि समाधान शिविर सप्ताह में दो दिन आयोजित किए जाते हैं, जिनमें सभी विभागों के अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करते हैं।
इस अवसर पर हिंदू विद्यापीठ स्कूल से हरदयवीर, सर छोटू राम स्कूल से वैष्णवी, डीएवी स्कूल सेक्टर-15 से आयुष ओझा व अमरेंद्र ओझा, नींव दा फाउंडेशन स्कूल से अर्णव ओझा, लिटिल एंजल स्कूल से अनमोल दहिया व सुनील दहिया, हिंदू स्कूल कोर्ट रोड से नयन व सुशील कुमार, साउथ पॉइंट स्कूल से कपिल, ऋषिकुल स्कूल से अंश कुमार व अनिल कुमार तथा शिवा शिक्षा सदन स्कूल से ओजस नैन, अनिल कुमार नैन, चित्रांशी और दिनेश कुमार ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने जेबीएम कंपनी मुरथल, एसीपी कार्यालय, सरल केंद्र, एसडीएम कार्यालय और एडीसी कार्यालय का दौरा कर सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को नज़दीक से देखा और प्रशासनिक अनुभव प्राप्त किया।
