सोनीपत: डीसी ने गोहाना नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
सोनीपत: गोहाना के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण दौरान उपायुक्त सुशील सारवान रोगियों से बात करते .
सोनीपत, अजीत कुमार। उपायुक्त सुशील सारवान ने गुरुवार को गोहाना के नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा विभिन्न सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उपायुक्त ने वार्डों, पंजीकरण कक्ष, दवा वितरण कक्ष और जांच से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा तथा अधिकारियों से जानकारी ली।
निरीक्षण के समय अस्पताल में रक्तचाप जांच, एक्स-रे सुविधा, दवा वितरण प्रणाली और अन्य उपचार सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को साफ वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचार से जुड़ी सभी सेवाएं समय पर और व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी मरीज को उपचार के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और दवाएं समय पर उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से कहा कि व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ज्योत्सना, डाक्टर दिनेश छिल्लर, डाक्टर श्याम सुंदर सहित अस्पताल का अन्य चिकित्सा स्टाफ भी उपस्थित रहा।
