सोनीपत: भिगान टोल प्लाजा पर राह-वीर योजना को लेकर जागरूकता
सोनीपत: टोल प्लाजा पर राह-वीर योजना के अंतर्गत लोगेां को जागरुक करते हुए पुलिस अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित भिगान (मुरथल) टोल प्लाजा पर राह-वीर योजना को लेकर जागरूकता अभियान गुरुवार को चलाया गया। अभियान का नेतृत्व यातायात निरीक्षक लाल सिंह ने किया। इसका उद्देश्य वाहन चालकों और राहगीरों को सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता के लिए प्रेरित करना रहा।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर सहायता और उपचार दिलाने के लिए सरकार ने राह-वीर योजना लागू की है। इसके अंतर्गत यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने में मदद करता है तो उसे सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और राह-वीर की उपाधि देकर सम्मानित किया जाएगा।
निरीक्षक लाल सिंह ने कहा कि कई बार लोग पुलिस पूछताछ या कानूनी परेशानी के डर से दुर्घटना पीड़ितों की मदद नहीं करते। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को पुलिस या अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की परेशानी नहीं दी जाएगी और उसे गवाही देने के लिए भी बाध्य नहीं किया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त यातायात व अपराध नरेंद्र कादयान ने बताया कि अभियान के दौरान वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और तेज गति से वाहन न चलाने की सलाह दी गई। टोल प्लाजा पर मौजूद यात्रियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
