सोनीपत: एलपीजी, पेट्रोल, डीजल, सीएनजी जमाखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई
सोनीपत: उपायुक्त सुशील सारवान बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति विभाग और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश देेते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की आपूर्ति को लेकर प्रशासन सतर्क है। उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि एलपीजी, पेट्रोल, डीजल या सीएनजी का अवैध भंडारण अथवा जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति विभाग और पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि आम नागरिकों को इन आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के मिलती रहे।
उपायुक्त ने कहा कि किसी भी व्यक्ति या व्यावसायिक स्थल पर एलपीजी, पेट्रोल, डीजल या सीएनजी का अवैध भंडारण पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आम उपभोक्ताओं को घबराहट में आकर अनावश्यक भंडारण करने की आवश्यकता नहीं है। जिले में इन आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। उपभोक्ताओं को घरेलू गैस आनलाइन माध्यम से उनके मोबाइल पर ओटीपी आने के बाद ही उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की आपूर्ति नियमित रूप से जारी रहेगी और जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक विंशेल सहरावत, पेट्रोल पंप संचालक और एलपीजी एजेंसी संचालक मौजूद रहे।
