सोनीपत: पटाखा साइलेंसर बुलेट पर 33 हजार 500 रुपये का चालान, वाहन इम्पाउंड
सोनीपत: वाहन का चालान करते हुए पुलिस कर्मी।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देश पर खरखौदा यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान उप निरीक्षक राजेश कुमार की टीम शनिवार को वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोका गया जिसकी आवाज अत्यधिक तेज थी। जांच करने पर पाया गया कि मोटरसाइकिल में अवैध रूप से पटाखा साइलेंसर लगाया गया था, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी।
वाहन की गहन जांच में मोटर वाहन अधिनियम के कई नियमों का उल्लंघन सामने आया। इसके आधार पर चालक के खिलाफ 33 हजार 500 रुपये का चालान किया गया। साथ ही नियमों की अवहेलना करने के कारण मोटरसाइकिल को इम्पाउंड कर दिया गया।
यातायात पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादयान ने वाहन चालकों से अपील की है कि अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध बदलाव न करवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
