हरियाणा विजन 2047: पानीपत में प्री-बजट मंथन, उद्योग संगठनों ने मुख्यमंत्री को सौंपे विकास सुझाव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ एमएसएमई औद्योगिक वेलफेयर एसोसिएशन बड़ी के अध्यक्ष नवीन कौशिक व महासचिव हरप्रीत सिंह।
गन्नौर, अजीत कुमार: हरियाणा विजन 2047 के तहत पानीपत में आयोजित प्री-बजट मंथन कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ उद्योग जगत की अहम बैठक हुई। इस दौरान एमएसएमई औद्योगिक वेलफेयर एसोसिएशन, बड़ी ने राज्य के आगामी बजट को लेकर औद्योगिक विकास से जुड़े विस्तृत सुझाव मुख्यमंत्री को सौंपे। बैठक का उद्देश्य बजट से पहले उद्योगों की जरूरतों और संभावनाओं पर सीधे संवाद स्थापित करना रहा।
एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाने पर जोर
एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन कौशिक ने बताया कि सुझाव पत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, एमएसएमई सेक्टर को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। औद्योगिक आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरल बनाने और दीर्घकालीन, सतत आर्थिक विकास के लिए उद्योग-अनुकूल नीतियां लागू करने की मांग रखी गई। इसके साथ ही ऊर्जा लागत कम करने, औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और सरकार व उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर बल दिया गया।
बड़ी इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन के सुझाव
प्री-बजट परामर्श में बड़ी इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि क्षेत्र में मुख्य रूप से सूक्ष्म व लघु टेक्सटाइल इकाइयां कार्यरत हैं, जो बड़े पैमाने पर रोजगार दे रही हैं। जल संकट को देखते हुए सीईटीपी को चरणबद्ध रूप से जीरो लिक्विड डिस्चार्ज प्रणाली में बदलने और इसके लिए सरकारी वित्तीय सहायता की मांग की गई। प्रदूषण नियंत्रण नियमों के बढ़ते खर्च के मद्देनजर एमएसएमई इकाइयों के लिए पूंजी सब्सिडी, आंशिक प्रतिपूर्ति या सॉफ्ट लोन देने का सुझाव भी दिया गया।
ईएसआई डिस्पेंसरी उद्घाटन का आमंत्रण
बैठक के दौरान बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में नवनिर्मित ईएसआई डिस्पेंसरी के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया। एसोसिएशन ने बताया कि इस डिस्पेंसरी से हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए बजट में महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल करने और ईएसआई डिस्पेंसरी के उद्घाटन का आश्वासन दिया।
