March 13, 2026

बिजली संरक्षण की पहल: लघु सचिवालय में जल्द लगेगा सौर ऊर्जा पैनल

Initiative to conserve electricity: Solar panels to be installed soon in the Mini Secretariat

एसडीएम प्रवेश कादियान।

  • – एसडीएम प्रवेश कादियान ने लोक निर्माण विभाग इलेक्ट्रिकल शाखा को दिए निर्देश

गन्नौर, अजीत कुमार।  लघु सचिवालय में बिजली संरक्षण को बढ़ावा देने और सरकारी भवनों को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। लघु सचिवालय में सौर ऊर्जा पैनल लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस संबंध में एसडीएम प्रवेश कादियान ने लोक निर्माण विभाग की इलेक्ट्रिकल शाखा के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान सौर ऊर्जा से होने वाले लाभों, संभावित बिजली उत्पादन और इससे होने वाली बचत पर चर्चा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोलर पैनल लगाने से संबंधित विस्तृत एस्टीमेट जल्द तैयार किया जाए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

अभी लघु सचिवालय में एसडीएम कार्यालय, एसीपी कार्यालय, तहसील, ई-दिशा केंद्र, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, रोजगार कार्यालय, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, लोक निर्माण विभाग, ट्रेजरी विभाग के कार्यालय मौजूद हैं। जिनका भारीभरकम बिजली बिल आता है। यदि लघु सचिवालय में सोलर पैनल लगता है तो सभी विभागों की बिजली खपत में कमी आएगी और सरकारी खर्च भी घटेगा।

एसडीएम प्रवेश कादियान ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण के लिए नवीन ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करना आवश्यक है। सभी सरकारी कार्यालयों को इस दिशा में उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने बताया कि एस्टीमेट तैयार होने के बाद उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा और स्वीकृति मिलते ही सोलर पैनल लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

About The Author