February 23, 2026

सिनेमा: धुरंधर बनी भारत की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म, 32वें दिन रचा इतिहास; पुष्पा-2 को छोड़ा पीछे

Dhurandhar becomes India's biggest Hindi film, creates history on its 32nd day, surpasses Pushpa 2

धुरंधर बनी भारत की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म, 32वें दिन रचा इतिहास; पुष्पा-2 को छोड़ा पीछे

नई दिल्ली। फिल्म धुरंधर ने रिलीज के 32वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रिकॉर्ड कायम कर दिया है, जो हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब तक कोई फिल्म नहीं कर पाई। रणवीर सिंह स्टारर इस स्पाई थ्रिलर ने भारत में 831.40 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और इसी के साथ यह देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। 6 जनवरी को फिल्म ने अकेले 5.70 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जबकि वर्ल्डवाइड इसकी कमाई 1253.83 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इस उपलब्धि के साथ धुरंधर ने अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया, जिसने हिंदी भाषा में भारत में 821 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

रिलीज के बाद से ही फिल्म की कमाई में जबरदस्त स्थिरता देखने को मिली है। पहले हफ्ते में फिल्म ने 218 करोड़ रुपये जुटाए, दूसरे हफ्ते में 261.50 करोड़, तीसरे हफ्ते में 189.30 करोड़ और चौथे हफ्ते में 115.70 करोड़ रुपये की कमाई की। पांचवें हफ्ते में भी फिल्म का दबदबा बना रहा और 35.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। 32वें दिन फिल्म ने 5.40 करोड़ और 33वें दिन 5.70 करोड़ रुपये की कमाई की, जो इसके लंबे और मजबूत रन को दर्शाता है।

जियो स्टूडियो ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भारत ने धुरंधर को नंबर-1 फिल्म का ताज पहनाया है। ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन के मुताबिक, दर्शकों की पसंद ही इस रिकॉर्ड का सबसे बड़ा कारण है। उनका कहना है कि जब कोई फिल्म लंबी और मजबूत चलती है तो उसका असर दूसरी फिल्मों पर साफ दिखता है और थिएटर भी उसी फिल्म को प्राथमिकता देते हैं।

फिल्म की सफलता पर यश राज फिल्म्स ने भी आदित्य धर और उनकी टीम को भारतीय सिनेमा के लिए नया बेंचमार्क सेट करने पर बधाई दी है। वहीं धुरंधर ने नॉर्थ अमेरिका में भी इतिहास रचते हुए 17.50 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ पठान को पीछे छोड़ दिया है। रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे सितारों से सजी यह फिल्म अब एक फ्रेंचाइज़ी का रूप ले चुकी है, जिसका सीक्वल 19 मार्च 2026 को रिलीज होगा।

About The Author