सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में उत्तर क्षेत्रीय पुरुष टेनिस चैंपियनशिप प्रारंभ
सोनीपत: मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार को स्मृतिचिन्ह भेंट करते हुए।
सोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालय पुरुष टेनिस चैंपियनशिप 2025–26 का उद्घाटन विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में हुआ। यह प्रतियोगिता 7 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। चैंपियनशिप में उत्तर भारत के विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष टेनिस टीमें भाग ले रही हैं। इनमें इलाहाबाद विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, प्रो. आर. एस. विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय हिसार तथा हरियाणा खेल विश्वविद्यालय की टीमें शामिल हैं। यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा, तकनीक और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार का स्वागत स्मृतिचिन्ह भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि टेनिस विश्व के प्रमुख खेलों में शामिल है, लेकिन इसकी महंगी प्रशिक्षण व्यवस्था और सुविधाएं लंबे समय से चुनौती बनी हुई हैं। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में उपलब्ध आधुनिक अधोसंरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण प्रणाली और अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाएं खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।

विशिष्ट अतिथि अंतरराष्ट्रीय लॉन टेनिस खिलाड़ी सिद्धार्थ विश्वकर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर खेलना उनके जीवन का महत्वपूर्ण चरण रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
उद्घाटन दिवस पर प्रतियोगिता के पहले दौर के मुकाबले खेले गए। इनमें दिल्ली विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, पंजाब कृषि विश्वविद्यालय लुधियाना, शिव नादर विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर, बेनेट विश्वविद्यालय नोएडा तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
खेल निदेशक संजय सारस्वत ने सभी सहभागी विश्वविद्यालयों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करेगी। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक कार्य अधिष्ठाता योगेश चंद्र ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, विद्यार्थी और पत्रकार उपस्थित रहे।
