February 22, 2026

टी-20 वर्ल्ड कप पर ICC का सख्त रुख: बांग्लादेश के वेन्यू बदलने की मांग खारिज, भारत में ही खेलने होंगे मैच

ICC takes tough stand on T20 World Cup: Bangladesh's demand to change venue rejected, matches to be played in India only

मुस्तफिजुर रहमान को IPL से हटाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में टी-20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर दिया था।

नई दिल्ली। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की बड़ी मांग को सिरे से खारिज कर दिया है। ICC ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश अपने सभी लीग मैच भारत में ही खेलेगा। अगर टीम भारत में खेलने से इनकार करती है तो उसे सीधे अंक गंवाने पड़ सकते हैं। यह फैसला उस समय आया है, जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की अपील की थी। यह विवाद IPL से बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद और गहरा गया। ICC के इस फैसले से साफ संकेत मिलते हैं कि वर्ल्ड कप के तय शेड्यूल और वेन्यू में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।

BCB की मांग क्यों हुई खारिज
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मंगलवार को मुंबई में ICC अध्यक्ष जय शाह ने BCCI और BCB के अधिकारियों से अलग-अलग बातचीत की। बैठक के बाद ICC ने दो टूक कहा कि बांग्लादेश के लिए वेन्यू में किसी तरह की छूट संभव नहीं है। तय कार्यक्रम के अनुसार उसे भारत में ही खेलना होगा।

मुस्तफिजुर विवाद से शुरू हुआ मामला
16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बीच भारत में इसका विरोध हुआ। इसके बाद BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी और 3 जनवरी को KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसी के बाद BCB ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था।

IPL प्रसारण पर भी लगाया गया बैन
मुस्तफिजुर को IPL से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश सरकार और BCB ने देश में IPL के प्रसारण पर बैन लगा दिया। साथ ही ICC को मेल भेजकर वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराने की मांग की गई।

ICC ने क्या कहा
ICC ने स्पष्ट किया कि वह बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर चिंताओं को दूर करने के लिए बातचीत को तैयार है, लेकिन टूर्नामेंट की संरचना और वेन्यू में बदलाव नहीं होगा। भारत में खेलने से इनकार करने पर अंक कटौती की चेतावनी भी दी गई है।

ग्रुप-सी में बांग्लादेश
बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से कोलकाता में खेलेगी, जबकि 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल से मुकाबला होगा।

पाकिस्तान का अलग मामला
पाकिस्तान पहले ही अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करा चुका है। भारत-पाकिस्तान राजनीतिक विवाद के चलते यह फैसला पहले से तय था, जबकि बांग्लादेश के मामले में ICC ने किसी भी तरह की रियायत देने से इनकार कर दिया है।

About The Author