आम आदमी पार्टी: अंकिता हत्याकांड पर नेताओं का प्रदर्शन, पुतला दहन
सोनीपत: बलात्कार के अरोपियों का पुतला दहन करते कार्यकर्ता।
सोनीपत। अंकिता भंडारी हत्याकांड के विरोध में गीता भवन चौक पर आम आदमी पार्टी की ओर से मंगलवार को प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार पर मामले में ढिलाई बरतने और आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए गए।
यह विरोध प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रणबीर छिक्कारा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। विमल किशोर समेत कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यह हत्याकांड केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज की आत्मा को झकझोरने वाला है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जब तक दोषियों को कठोरतम सजा नहीं मिलती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

जिला अध्यक्ष रणबीर छिक्कारा ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुआ अपराध अत्यंत जघन्य है और इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक या प्रशासनिक ढाल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को वास्तविक न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सरकार की कथनी और करनी में अंतर है। आम आदमी पार्टी ने दो टूक कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी ने ऐलान किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा हर स्तर पर आवाज उठाई जाती रहेगी।
