October 13, 2026

सोनीपत: लापरवाह ट्रक की टक्कर से मां-बेटा घायल, चालक फरार

Sonipat: Mother and son injured after being hit by a negligent truck, driver absconding

प्रतीकात्मक तस्वीर।

सोनीपत। सोनीपत जिले में लापरवाही से ट्रक चलाने के कारण स्कूटी सवार मां और बेटे को टक्कर मार दी गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब मजदूरी करने वाली महिला अपने बेटे के साथ दवा लेने जा रही थी। दुर्घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली के बवाना स्थित जेजे कॉलोनी निवासी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे शिवम के साथ स्कूटी पर सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित एक त्वचा रोग उपचार केंद्र से दवा लेकर लौट रही थीं। जब वे नाहरी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पी पर पहुंचे, तभी पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। ट्रक चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगते ही मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े और दोनों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

राहगीरों की मदद से एम्बुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को दिल्ली के पूठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां शिवम को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि सुनीता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती रखा गया।

सूचना मिलने पर गुरुवार को पुलिस मौके पर पहुंची, मेडिकल दस्तावेज हासिल किए और बाद में पीड़िता की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है तथा फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author