समसपुर गामड़ा में 50.44 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन: खेतों के पक्के रास्ते और सीसीटीवी से मजबूत होगी व्यवस्था: विधायक कादियान
समसपुर गामड़ा में 50.44 लाख के विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए विधायक कादयान।
गन्नौर। गन्नौर के गांव समसपुर गामड़ा में बुधवार को करीब 50.44 लाख रुपये की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर विधिवत रूप से इन कार्यों का शुभारंभ किया। इन योजनाओं से गांव की बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में सीधा लाभ पहुंचेगा।
गांव में 10.94 लाख रुपये की लागत से फिरनी का निर्माण पूरा कराया गया है। इसके अलावा एचआरडीएफ योजना के तहत 17.50 लाख रुपये की लागत से पार्क और गऊ घाट का निर्माण किया गया, जिससे ग्रामीणों को मनोरंजन और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 12 लाख रुपये की लागत से चार खेतों के रास्तों को पक्का कराया गया है, जिससे अब बरसात के मौसम में भी खेतों तक पहुंच आसान हो सकेगी। गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से करीब 10 लाख रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
विधायक के गांव पहुंचने पर सरपंच गुरमेल सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, पार्क, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं मजबूत होने से ग्रामीणों का जीवन स्तर सुधरेगा और लोगों को शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। इस अवसर पर बाबा दीपक नाथ महाराज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
