सोनीपत पुलिस: सोनीपत में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
सोनीपत: पुलिस अधिकारियों का स्वागत करते हुए प्रबंधक।
सोनीपत। सोनीपत पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त यातायात नरेंद्र कादयान के मार्गदर्शन में मंगलवार को इंडियन स्कूल, सोनीपत में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त यातायात राजपाल ने किया। प्रतियोगिता का संचालन थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक कर्मवीर ने अपनी पुलिस टीम के साथ किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी परीक्षा यातायात नियमों, सड़क संकेतों, पैदल यात्रियों की सुरक्षा, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व, गति सीमा तथा दुर्घटना रोकथाम जैसे विषयों पर आधारित रही। इससे विद्यार्थियों को यातायात नियमों की व्यवहारिक समझ मिली और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की सीख प्राप्त हुई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सहायक पुलिस आयुक्त यातायात द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भविष्य में जिम्मेदार नागरिक तैयार करना रहा। सोनीपत पुलिस ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन और सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त करते हुए आगे भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
