भाजपा के युवा नेतृत्व से राष्ट्रीय विस्तार को मिलेगी नई दिशा: मेयर जैन
सोनीपत: मेयर राजीव जैन एवं पूर्व मंत्री कविता जैन भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई देते हुए।
सोनीपत। सोनीपत नगर निगम मेयर राजीव जैन एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से पार्टी मुख्यालय में भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि युवा नेतृत्व के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक विस्तार और सुदृढ़ होगा तथा आगामी समय में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में भी पार्टी को नई सफलता मिलेगी।
गुरुवार को मेयर राजीव जैन ने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श नगर विधानसभा प्रभारी के रूप में उन्हें नितिन नबीन के साथ कार्य करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन सरल, मिलनसार और कर्मठ व्यक्तित्व के धनी हैं। उनकी नियुक्ति से संगठन में ऊर्जा का संचार होगा और बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने बिहार में मिली प्रचंड जीत के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व से युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना मजबूत होगी और उनके सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प साकार होगा।
