February 22, 2026

टायर फटने से एअर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट की कोच्चि में सुरक्षित लैंडिंग

Air India Express flight lands safely in Kochi after tyre burst

फाइल फोटो।

कोचीन। जेद्दा से कोझिकोड जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार सुबह तकनीकी कारणों के चलते कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर एहतियाती लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट IX 398 में कुल 160 यात्री सवार थे। कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के अनुसार विमान के दाहिने हिस्से के मेन लैंडिंग गियर के टायर फेल होने की सूचना मिलने के बाद यह फैसला लिया गया।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि फ्लाइट को सुबह 9.07 बजे पूरी सतर्कता के साथ लैंड कराया गया। लैंडिंग से पहले सभी आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया था, जिनमें फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और रनवे सेफ्टी स्टाफ शामिल थे। लैंडिंग के बाद की गई जांच में पुष्टि हुई कि विमान के दाहिने तरफ के दोनों टायर फट चुके थे। हालांकि, इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह इमरजेंसी लैंडिंग नहीं बल्कि एहतियाती लैंडिंग थी। उन्होंने कहा कि लैंडिंग गियर पूरी तरह सुरक्षित था और केवल टायरों में समस्या आई थी। प्रवक्ता के मुताबिक, कोझिकोड का करिपुर एयरपोर्ट एक टेबल टॉप एयरपोर्ट है, जहां तकनीकी दिक्कत की स्थिति में लैंडिंग को जोखिम भरा माना जाता है। इसी वजह से पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कोच्चि एयरपोर्ट पर लैंडिंग का फैसला किया।

विशेषज्ञों के अनुसार करिपुर एयरपोर्ट पर रनवे की सीमित लंबाई, दोनों सिरों पर गहरी ढलान, मौसम की अनिश्चितता और कम सुरक्षा मार्जिन के कारण इमरजेंसी हालात में बड़े विमानों की लैंडिंग चुनौतीपूर्ण हो सकती है। यही कारण है कि ऐसी परिस्थितियों में नजदीकी बड़े और सुरक्षित एयरपोर्ट को प्राथमिकता दी जाती है।

फिलहाल सभी यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में ठहराया गया है। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। यदि फ्लाइट में अधिक देरी या रद्द होने की स्थिति बनती है, तो यात्रियों को सड़क मार्ग से कोझिकोड पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

About The Author