February 22, 2026

चांदी पहली बार 2 लाख के पार, 9 महीने में दोगुनी हुई कीमत, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

Silver crosses Rs 2 lakh for the first time, price doubles in 9 months, investors' interest increases

प्रतीकात्मक तस्वीर।

नई दिल्ली। आज यानी 17 दिसंबर को चांदी ने इतिहास रच दिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार चांदी पहली बार 2 लाख रुपए प्रति किलो के पार पहुंची। सुबह एक किलो चांदी 2,00,750 रुपए पर खुली, हालांकि बाद में इसमें हल्की गिरावट आई और यह 7,664 रुपए की तेजी के साथ 1,99,641 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। इससे पहले चांदी 1,91,977 रुपए प्रति किलो पर थी। मौजूदा भाव के साथ चांदी अपने ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंच गई है।

18 मार्च को चांदी पहली बार 1 लाख रुपए प्रति किलो पहुंची थी। यानी सिर्फ 9 महीनों में चांदी ने 1 लाख से 2 लाख रुपए तक का सफर तय कर लिया। इसके मुकाबले 50 हजार से 1 लाख रुपए तक पहुंचने में चांदी को करीब 14 साल का वक्त लगा था। यह तेजी निवेशकों और बाजार विशेषज्ञों दोनों के लिए चौंकाने वाली मानी जा रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार चांदी की कीमतों में उछाल के पीछे कई बड़े कारण हैं। सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में बढ़ते इस्तेमाल से इंडस्ट्रियल डिमांड तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा अमेरिका में टैरिफ को लेकर आशंका के चलते कंपनियां चांदी का भारी स्टॉक जमा कर रही हैं, जिससे वैश्विक सप्लाई पर दबाव पड़ा है। मैन्युफैक्चरर भी भविष्य में कच्चे माल की कमी के डर से पहले ही खरीदारी कर रहे हैं। वहीं निवेशकों की दिलचस्पी सिल्वर ईटीएफ के जरिए लगातार बढ़ रही है।

इधर सोने की कीमत भी आज 540 रुपए बढ़कर 1,32,317 रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। इस साल अब तक सोना 56,155 रुपए और चांदी 1,13,624 रुपए महंगी हो चुकी है। बाजार जानकारों का मानना है कि चांदी की मांग आगे भी बनी रह सकती है और आने वाले समय में इसमें और तेजी देखने को मिल सकती है।

About The Author