February 23, 2026

नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई खारिज होने पर पंचकूला में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

Congress staged a massive protest in Panchkula after the ED rejected its action in the National Herald case.

नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई खारिज होने पर पंचकूला में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन।

पंचकूला। नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली कोर्ट द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को अस्वीकार किए जाने के बाद हरियाणा कांग्रेस ने बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिमखाना क्लब से पैदल मार्च निकालते हुए कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचे, जहां धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान विधायक, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित थी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कोर्ट के फैसले से यह साफ हो गया है कि ईडी की कार्रवाई गैरकानूनी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ भी राजनीतिक द्वेष के तहत मामला बनाया गया, लेकिन अब सत्य की जीत हुई है।

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शन देशव्यापी आह्वान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असंवैधानिक और झूठी कार्रवाइयों के खिलाफ जनता में गुस्सा है, जो सड़कों पर साफ नजर आ रहा है।

प्रदर्शन के मद्देनजर भाजपा कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से नारेबाजी कर विरोध जताया। कांग्रेस ने इस फैसले को अपनी नैतिक और कानूनी जीत बताते हुए संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।

About The Author