November 22, 2026

युवा शक्ति से ही राष्ट्र का भविष्य सशक्त और आत्मनिर्भर बनता है: राज्यपाल

The future of the nation becomes strong and self-reliant only through youth power: Governor

सोनीपतज़ : हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष अशोका विश्वविद्यालय में स्टाफ के साथ।

  • राज्यपाल ने अशोका विश्वविद्यालय के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

सोनीपत। हरियाणा के राज्यपाल तथा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने सोमवार को राई शिक्षा नगरी स्थित अशोका विश्वविद्यालय में कहा कि युवा शक्ति से ही राष्ट्र का भविष्य सशक्त और आत्मनिर्भर बनता है। उन्होंने छात्रावास, केंद्रीय पुस्तकालय, शैक्षणिक भवनों, शोध केंद्रों और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उच्च शिक्षण संस्थान प्रदेश और देश को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा नैतिक मूल्यों के साथ सक्षम मानव संसाधन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय होने का संदेश दिया।

दौरे के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने राज्यपाल को विश्वविद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक दृष्टि, स्नातक और परास्नातक कार्यक्रमों, अनुसंधान गतिविधियों, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। राज्यपाल ने शैक्षणिक गतिविधियों, डिजिटल शिक्षण प्रणाली, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

राज्यपाल ने केंद्रीय पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध अध्ययन सामग्री, डिजिटल व्यवस्था तथा शांत वातावरण की प्रशंसा की। उन्होंने छात्रावासों में स्वच्छता, सुरक्षा और छात्रों को मिल रही सेवाओं का मूल्यांकन किया। विद्यार्थियों से संवाद के दौरान उन्होंने लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक सरोकार की महत्ता पर प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि आज का युवा ही राष्ट्र का भविष्य है और शिक्षा के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाया जा सकता है।

दौरे के अंत में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर कुलपति सोमक रायचौधरी, उपायुक्त सुशील सारवान सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

About The Author