इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन ने बताई उस दर्दनाक रात की कहानी, बोले-जब जागा तो दोनों पैर टूटे थे
इंडियन आइडल फेम सिंगर पवनदीप राजन
उत्तराखंड। इंडियन आइडल फेम सिंगर पवनदीप राजन का 5 मई 2025 को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ था। अगले दिन उनकी अहमदाबाद में परफॉर्मेंस थी, जिसके लिए वे देर रात निकले थे। एयरपोर्ट पहुंचने से पहले उनकी गाड़ी एक खड़े ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में उनके दोनों पैर टूट गए थे। लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद अब पवनदीप ने पहली बार उस हादसे की पूरी कहानी बताई है।
सलीम–सुलेमान के पॉडकास्ट में पवनदीप ने बताया कि वे सफर के दौरान कार में सो गए थे। उन्होंने कहा कि वे आमतौर पर गांव से आते समय भी सो जाते हैं और आंख खुलते ही एयरपोर्ट आ जाता है, लेकिन उस रात जब वे उठे, तो उन्हें समझ नहीं आया कि क्या हुआ। उनकी दोनों टांगें टूट चुकी थीं और वे कार में फंसे हुए थे। उन्होंने कहा कि हादसे के वक्त गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था, जो नींद की झपकी में खड़े ट्रक में सीधा टकरा गया।

पवनदीप ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि वे हिल भी नहीं पा रहे थे। उनका एक ही हाथ ठीक था और उसी से उन्होंने लोगों से बाहर निकालने की गुहार लगाई, लेकिन काफी देर तक कोई उन्हें छूने की हिम्मत नहीं कर पाया। हादसे के तुरंत बाद कार में आग भी लग गई थी और वे अंदर ही फंसे थे। आखिरकार एक व्यक्ति ने जोखिम उठाकर उन्हें बाहर खींचा और पुलिस मौके पर पहुंची।
हॉस्पिटल ले जाने के बाद पवनदीप ने परिवार को घटना की सूचना दी। लंबे इलाज और फिजियोथेरेपी के बाद अब वे चलने लगे हैं। हाल ही में उन्होंने सलीम–सुलेमान के साथ स्टेज परफॉर्मेंस भी दी, जिससे उनके फैंस को राहत मिली।
28 वर्षीय पवनदीप इंडियन आइडल सीजन 12 के विजेता रहे हैं और कई लोकप्रिय म्यूजिक वीडियोज व सिंगल्स को अपनी आवाज दे चुके हैं। उनकी गायकी को देशभर में खूब सराहा गया है।
