February 22, 2026

रायपुर वनडे आज: बावुमा की वापसी, रोहित 20 हजार रन के करीब

Raipur ODI today: Bavuma returns, Rohit nears 20,000 runs

भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा।

रायपुर। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस दोपहर 1 बजे होगा और मैच की शुरुआत 1.30 बजे से होगी। रायपुर में अब तक भारत ने कोई वनडे नहीं हारा है, ऐसे में टीम इंडिया को घरेलू मैदान का फायदा मिल सकता है। साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा की वापसी तय है और स्पिनर केशव महाराज भी टीम में शामिल हो सकते हैं। दूसरी ओर भारत ऋतुराज गायकवाड की जगह पंत या वॉशिंगटन सुंदर में से किसी एक को मौका दे सकता है।

इस मैच में रोहित शर्मा 20 हजार इंटरनेशनल रन पूरा करने से मात्र 41 रन दूर हैं, जबकि विराट कोहली 28 हजार रन के माइलस्टोन से 192 रन पीछे हैं। पिछले मुकाबले में रोहित ने शानदार 57 रन बनाए थे और इस साल वे 561 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में हर्षित राणा इस साल 19 विकेट ले चुके हैं और रांची में 3 विकेट हासिल किए थे। साउथ अफ्रीका के लिए मैथ्यू ब्रीट्जकी 614 रन के साथ इस साल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि लुंगी एनगिडी 18 विकेट के साथ प्रमुख गेंदबाज साबित हुए हैं और आज उनके खेलने की संभावना है।

रायपुर की पिच बैटर्स के लिए मददगार मानी जाती है और शाम के बाद ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसन अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे। मैच से पहले आज टी-20 वर्ल्ड कप की नई भारतीय जर्सी भी लॉन्च की जाएगी, जिसके लिए हार्दिक पंड्या रायपुर पहुंच चुके हैं।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस रोमांचक मुकाबले को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकेगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी।

About The Author