यो यो हनी सिंह: दिल्ली कॉन्सर्ट में अश्लील बयानबाजी पर घिरे यो यो हनी सिंह, वीडियो वायरल होने के बाद माफी
मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। दिल्ली में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने स्टेज से खुलेआम अश्लील और आपत्तिजनक बातें कहीं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में हनी सिंह न सिर्फ अश्लील भाषा का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं, बल्कि युवाओं को गलत व्यवहार के लिए उकसाते भी दिख रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने कड़ा ऐतराज जताया और हनी सिंह पर सभी सीमाएं लांघने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर हनी सिंह को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी।
दिल्ली कॉन्सर्ट से उठा विवाद
14 जनवरी की रात दिल्ली में कड़ाके की ठंड के बीच यो यो हनी सिंह का कॉन्सर्ट आयोजित हुआ था। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों के सामने परफॉर्मेंस के दौरान हनी सिंह अचानक रुके और ठंड का जिक्र करते हुए गाली-गलौज और अश्लील टिप्पणियां करने लगे। शुरुआत में दर्शकों को बात समझ नहीं आई, लेकिन बाद में उन्होंने खुले मंच से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए निजी संबंधों पर टिप्पणी की, जिससे माहौल असहज हो गया।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर बवाल
कॉन्सर्ट के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही हनी सिंह पर फिर से नशे में होने और युवाओं को गलत संदेश देने के आरोप लगने लगे। कई यूजर्स ने उनके व्यवहार को गैर-जिम्मेदाराना बताया।
जसबीर जस्सी का कड़ा विरोध
पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने वीडियो जारी कर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हनी सिंह ने सभी हदें पार कर दी हैं और यह सिलसिला अब रुकना चाहिए। जस्सी ने हनी सिंह के माता-पिता और बहन से भी अपील की कि वे उन्हें समझाएं, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।
हनी सिंह की सफाई और माफी
विवाद बढ़ने पर हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका वीडियो एडिट करके वायरल किया गया है। उनका दावा था कि वे जेन-जी ऑडियंस को उनकी भाषा में संदेश देना चाहते थे, लेकिन कई लोगों को यह आपत्तिजनक लगा। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि आगे से अपनी भाषा पर नियंत्रण रखेंगे और ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे।
पुराने विवाद भी आए सामने
यह पहला मौका नहीं है जब हनी सिंह विवादों में फंसे हों। इससे पहले भी उनके गानों में अश्लील शब्दों, महिला विरोधी बोल और डबल मीनिंग लिरिक्स को लेकर कई बार विरोध हुआ। हाल ही में जालंधर के एक भाजपा नेता ने उनके पुराने ‘नागन’ गाने को लेकर पंजाब के डीजीपी से शिकायत भी की थी।
बार-बार उठते सवाल
दिल्ली कॉन्सर्ट विवाद ने एक बार फिर हनी सिंह की सार्वजनिक जिम्मेदारी और उनके कंटेंट पर सवाल खड़े कर दिए हैं। माफी के बावजूद यह बहस तेज हो गई है कि लोकप्रिय कलाकारों को मंच से बोलते समय समाज और युवाओं पर पड़ने वाले असर का कितना ध्यान रखना चाहिए।
