March 10, 2026

सोनीपत क्राइम: बीएसएनएल मुख्य टेलीफोन एक्सचेंज में चोरी, कंप्यूटर सेट ले गए चोर

Theft at BSNL main telephone exchange; thieves take away computer sets

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत शहर के राजेंद्र नगर स्थित बीएसएनएल के मुख्य टेलीफोन एक्सचेंज में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर रात के समय कार्यालय परिसर में घुसकर कंप्यूटर सेट सहित अन्य सरकारी सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान कार्यालय की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस को सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार आठ मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति बीएसएनएल के मुख्य टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में घुस आए। चोरों ने एजीएम (ट्रांसमिशन) कार्यालय के कमरे को निशाना बनाया। वहां से एक कंप्यूटर सेट चोरी कर लिया गया। चोरी किए गए कंप्यूटर सेट में सीपीयू, एलसीडी मॉनिटर, मोडेम, कीबोर्ड और माउस शामिल बताए गए हैं।

वारदात के दौरान चोरों ने कार्यालय में रखी अलमारी को भी तोड़ दिया, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। इसके अलावा परिसर का एल्युमिनियम का मुख्य दरवाजा उखाड़कर अपने साथ ले गए। इस घटना से सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि चोरी की वारदात रात के समय उस दौरान हुई जब कार्यालय बंद था।

घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 सेवा पर सूचना दी गई। बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक (ट्रांसमिशन) महेंद्र सिंह ने थाना सिविल लाइन्स में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन्स थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई नरेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया है और चोरी हुई सरकारी संपत्ति की बरामदगी के साथ ही आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author