April 6, 2026

सोनीपत: मेहनत और धैर्य से ही मिलती है सफलता: कृष्णा गहलावत

Success comes only through hard work and patience Krishna Gehlot

सोनीपत: विधायक कृष्णा गहलावत ब्राह्मण समाज की ओर आयोजित सम्मान समारोह में।

  • ब्राह्मण समाज की ओर से यूपीएससी सहित खेल, न्यायपालिका में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का किया सम्मान

सोनीपत, अजीत कुमार। ब्राह्मण समाज की ओर से रविवार को शहर में प्रेरणादायक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले जिले के सर्व समाज के मेधावी युवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राई क्षेत्र की विधायक कृष्णा गहलावत मुख्य अतिथि रहीं। समारोह का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवाओं का उत्साहवर्धन करना तथा अन्य विद्यार्थियों को ऊँचे लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करना रहा। पूरे आयोजन में उत्साह और गर्व का वातावरण दिखाई दिया।

विधायक कृष्णा गहलावत ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे जिले और समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि यह केवल मेहनत, धैर्य और निरंतर प्रयास से ही प्राप्त होती है। आसान रास्ते खोजने वाले लोग अक्सर लक्ष्य से भटक जाते हैं, जबकि कठिनाइयों से लड़कर हासिल की गई सफलता ही स्थायी होती है। उन्होंने कहा कि असफलता भी सीख देती है और आगे बढ़ने की प्रेरणा बनती है, इसलिए लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए ईमानदारी से परिश्रम करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की वास्तविक परीक्षा होती है। इसमें सफलता प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि अभ्यर्थी ने समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया है। उन्होंने युवाओं से देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को समान सम्मान मिलना चाहिए, जिससे संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

Success comes only through hard work and patience Krishna Gehlot
ब्राह्मण सभा द्वारा यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने पर आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक निखिल मदान

ब्राह्मण समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सर्व समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान प्रगतिशील सोच का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि भविष्य में प्रशासनिक जिम्मेदारियाँ निभाते समय गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता दें। साथ ही अभिभावकों के त्याग और संघर्ष की भी सराहना की।

समारोह में खेल और न्यायपालिका क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। ब्राह्मण सभा के प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर रघुवर दयाल गौड़ पूर्व हरियाणा लोक सेवा आयोग सदस्य, भाजपा नेता देवेंद्र कौशिक, पूर्व मेयर राजीव जैन, हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य सुरेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक जयतीर्थ दहिया, रामधन शर्मा, पूर्व चेयरमैन कुलदीप नांगल, नीरज अत्रे, रामपाल शास्त्री दिल्ली, नीरज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

About The Author