April 11, 2026

सोनीपत: मेगा स्वास्थ्य शिविर में 206 मरीजों की जांच, 10 ने किया रक्तदान

206 patients examined in mega health camp, 10 donated blood

सोनीपत, अजीत कुमार। खाटू श्याम मंदिर, मोहन नगर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में 38वां मेगा स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस शिविर में कुल 206 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 10 समाजसेवियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। आयोजन में सेफ इंडिया फाउंडेशन, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (जिला, महिला एवं युवा इकाई), श्री श्याम बालाजी सेवा मंडल, रोटरी क्लब ऑफ सोनीपत एक्सीलेंस सहित कई संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

संस्था के प्रधान संजय सिंगला और चेयरमैन वाई.के. त्यागी ने बताया कि यह शिविर प्रत्येक माह के पहले रविवार को आयोजित किया जाता है, जिससे जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। आयुष विभाग, सोनीपत की टीम ने 58 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं। वहीं, सक्सेना मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से सभी 206 मरीजों की जांच सुनिश्चित की गई।

फैमिली डेंटल क्लिनिक के चिकित्सकों ने 18 मरीजों के दांतों की जांच की, जबकि अन्य विशेषज्ञों ने भी अपनी सेवाएं दीं। शिविर के दौरान मरीजों को तीन दिन की निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। विभिन्न चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई।

अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सा टीमों और समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

About The Author