April 5, 2026

सोनीपत: हनुमान जन्मोत्सव पर खेल स्कूल राई में भक्तिमय माहौल

Sonipat Devotional atmosphere prevails at Sports School Rai on Hanuman Jayanti

सोनीपत: हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में कुलपति अशोक कुमार।

सोनीपत, अजीत कुमार। राई स्थित मोतीलाल नेहरू खेल स्कूल में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरुवार रात को मनाया गया। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार ने वरिष्ठ छात्रावास परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और विद्यार्थियों व स्टाफ की आस्था स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कुलपति ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के भक्ति भाव की सराहना करते हुए कहा कि खेल के साथ-साथ संस्कारों का संतुलन ही संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि संस्थान में बच्चों को खेल प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, समर्पण और नैतिक मूल्यों का भी निरंतर संचार किया जा रहा है। यही संयोजन उन्हें भविष्य में सक्षम नागरिक बनने की दिशा देता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का जाप किया। कुलपति ने युवाओं को भगवान हनुमान के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि सच्ची शक्ति केवल शारीरिक बल में नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और समर्पण में निहित होती है। इन गुणों को अपनाकर युवा जीवन की हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास से कर सकते हैं। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार बना रहा। विद्यार्थियों ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया और परिसर में आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

About The Author