सोनीपत: सड़क बीच खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, व्यक्ति की मौत
सोनीपत: मृतक राजेन्द्र का फाइल फोटो।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में रविवार देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सड़क के बीचों-बीच बिना किसी चेतावनी संकेत और सुरक्षा व्यवस्था के खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से मोटरसाइकिल टकरा गई। हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घायल बेटी की शिकायत पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव खेड़ी जसौर निवासी दीक्षा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी है। रविवार को वह अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पिपली में रिश्तेदारी में गई हुई थी। शाम के समय दोनों पिता-पुत्री पिपली से अपने घर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल उसके पिता चला रहे थे। दीक्षा के अनुसार जैसे ही वे पिपली गांव पार कर भारत गेस्ट हाउस से कुछ दूरी आगे खरखौदा की ओर पहुंचे, सड़क के बीचों-बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। अचानक सामने आई ट्रॉली से उनकी मोटरसाइकिल पीछे से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीक्षा को चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल दीक्षा का बयान दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाना खरखौदा में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
