April 17, 2026

सोनीपत क्राइम: फैक्टरी मालिक पर फायरिंग, दो आरोपितों पर केस दर्ज

Sonepat Factory owner shot dead, case filed against two accused

सोनीपत: एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत करते एसीपी ऋषिकांत।

  • एसोसिएशन ने की बैठक, एसीपी ने दिया आश्वासन

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में फैक्टरी मालिक पर फायरिंग के मामले में थाना बड़ी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के विरोध में औद्योगिक संगठनों ने शुक्रवार को बैठक कर प्रशासन के प्रति रोष जताया और सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठाई।

हमले में घायल फैक्टरी मालिक देव बंसल का इलाज दिल्ली के निजी अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस को दी शिकायत में देव बंसल ने बताया कि वह गुरुवार को बड़ी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1, प्लाट नंबर 375 स्थित अपनी कंपनी पेक्सटन ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड में मौजूद थे। इसी दौरान एक ठेकेदार की लेबर में आपसी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उन्होंने लेबर को कंपनी से बाहर भेज दिया। आरोप है कि जाते समय एक युवक ने उन्हें धमकी दी थी।

शाम जब वह अपनी कार से दूसरी फैक्टरी से वापस प्लाॅट नंबर 375 की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बाइक पर सवार दो युवक उनकी कार के पास पहुंचे और उन्हें रुकवा लिया। जैसे ही उन्होंने कार का शीशा नीचे किया, एक युवक ने पहचानने की बात कहकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी बाईं जांघ में लगी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना बड़ी पुलिस टीम और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

घटना के विरोध में शुक्रवार को बड़ी इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन और एमएसएमई औद्योगिक एसोसिएशन के सदस्य एचएसआइआइडीसी कार्यालय के सामने एकत्रित हुए। एसीपी गन्नौर ऋषिकांत और थाना प्रभारी कुलदीप मौके पर पहुंचे और सुरक्षा को लेकर बातचीत की। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गोयल ने ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने की मांग की। लेबर सप्लायर ठेकेदारों द्वारा कामगारों का पूरा सत्यापन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

एमएसएमई औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन कौशिक ने कहा कि ऐसी घटनाओं से उद्योगपतियों और कामगारों में भय का माहौल बन रहा है, जिससे निवेश और रोजगार प्रभावित हो सकता है। एसीपी ऋषिकांत ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। एसोसिएशन ने भी थाना बड़ी को गश्त के लिए बाइक राइडर देने और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त करवाने का भरोसा दिया।

About The Author