सोनीपत: विकसित भारत युवा नेता संवाद में डीसीआरयूएसटी छात्रा उत्कृष्ट प्रदर्शन
सोनीपत: कुलगुरु प्रकाश सिंह के साथ संवाद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा प्रीति कालरा .
सोनीपत, अजीत कुमार। दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। कुलगुरु प्रकाश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ऐसा सक्षम नागरिक बनाना है जो अपने परिवार की आकांक्षाओं को साकार करने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन अध्ययन के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और तकनीकी गतिविधियों में भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करता है। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष युवा सांस्कृतिक उत्सव रिदम आयोजित किया जाता है। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक समूहों के माध्यम से वरिष्ठ विद्यार्थी नवप्रवेशी छात्रों का मार्गदर्शन करते हैं। तकनीकी नवाचार को प्रोत्साहित करने हेतु टेक्नोवा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग की तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति कालरा ने विकसित भारत युवा नेता संवाद 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। यह राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम 9 से 12 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित हुआ। चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय और प्रतिस्पर्धात्मक रही। पहले चरण में माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में सफलता के बाद प्रीति कालरा का चयन निबंध लेखन के लिए हुआ। निबंध में उन्होंने नवोन्मेषी उद्यमिता, स्टार्टअप संस्कृति और नवाचार आधारित पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रभावी विचार रखे।
राज्य स्तरीय चरण 15 से 17 दिसंबर 2025 तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईटी परिसर में हुआ, जहां भारत को विश्व की स्टार्टअप राजधानी बनाने विषय पर प्रस्तुति देकर उन्होंने हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राष्ट्रीय स्तर पर लगभग तीन हजार युवाओं की सहभागिता के बीच 12 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष विचार प्रस्तुत करना उनकी उपलब्धि रही। यह सफलता विश्वविद्यालय में हो रहे सर्वांगीण विकास प्रयासों का प्रमाण है।
