सोनीपत क्राइम: निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 10.80 लाख की ठगी
फोटो AI से बनाई गई है।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर 10 लाख 80 हजार 400 रुपये की ठगी का मामले में पुलिस ने कंपनी के निदेशक सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरखौदा के वार्ड न्ंबर-2 शास्त्री नगर निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2012 में वीएसीएल इंडिया रियल एस्टेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने खरखौदा में अपना कार्यालय खोला था। कंपनी का कार्यालय सांपला रोड पर प्रताप स्कूल के सामने स्थित था, जबकि मुख्य कार्यालय कानपुर (उत्तर प्रदेश) में बताया गया। कंपनी लोगों को अलग-अलग योजनाओं में पैसा निवेश कराने के लिए प्रेरित करती थी और तय समय पर अधिक मुनाफा लौटाने का भरोसा देती थी।
शिकायत के अनुसार 31 मार्च 2015 को संदीप कुमार ने पांच वर्ष की योजना में कंपनी को 31 मार्च 2020 तक एक लाख 76 हजार चार रुपये लौटाने थे। इसके अलावा 30 जून 2015 को एक लाख एक हजार रुपये पांच वर्ष की स्थिर योजना में जमा कराए गए।
पीड़ित ने बताया कि कंपनी पर भरोसा करते हुए आगे भी कई योजनाओं में पैसा लगाया गया। इसमें 21 अगस्त 2019 को एक वर्ष के लिए 25 हजार रुपये, 22 अक्टूबर 2019 को दो वर्ष के लिए दो लाख रुपये तथा 31 मार्च 2019 को तीन वर्ष के लिए एक लाख 50 हजार रुपये और 59 हजार 400 रुपये जमा कराए गए।
पीड़ित के अनुसार दो लाख रुपये के निवेश के बदले कंपनी ने दो लाख 24 हजार रुपये का एसबीआई बैंक का चेक दिया था, जिसकी तिथि पांच जून 2020 थी। कुछ समय तक कंपनी ने योजना के अनुसार भुगतान किया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया और वर्ष 2021 में कार्यालय बंद कर संचालक फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने निदेशक बिजेंद्र चौहान सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ 12 मार्च 2026 को दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
