June 4, 2026

सोनीपत पुलिस आयुक्त ममता सिंह: अवैध हथियारों पर शिकंजा, पांच माह में 84 गिरफ्तार

Sonepat: Crackdown on illegal weapons, 84 arrested in five months: Police Commissioner

सोनीपत: पुलिस आयुक्त ममता सिंह।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनीपत पुलिस ने वर्ष 2026 के पहले पांच माह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक जनवरी से 31 मई तक 70 मुकदमे दर्ज कर आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने गुरुवार को कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, उनकी खरीद-फरोख्त करने और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध हथियारों से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या उनके इस्तेमाल की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और समाज के जिम्मेदार लोगों से युवाओं को अपराध और अवैध हथियारों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का भी आह्वान किया।

अभियान के दौरान जनवरी में 12 मुकदमे दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 12 हथियार और 10 कारतूस बरामद किए गए। फरवरी में 14 मुकदमों में 16 आरोपी गिरफ्तार हुए और 14 हथियार तथा नौ कारतूस बरामद किए गए। मार्च में 14 मुकदमों में 16 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि 14 हथियार और 28 कारतूस मिले। अप्रैल में 15 मुकदमों में 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई तथा 18 हथियार और 21 कारतूस बरामद किए गए। मई में 15 मुकदमे दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 18 हथियारों के साथ 15 कारतूस बरामद किए गए। अपराध और अवैध हथियारों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।

About The Author