सोनीपत: अवैध कॉलोनियों से बचें, प्लॉट खरीदने से पहले जानकारी लें
सोनीपत: अवैध निर्माण को लगाते हुए .
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिला में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान तेज कर दिया है। जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह ने बताया कि उपायुक्त सुशील सारवान के निर्देशानुसार ऐसी कॉलोनियों को प्रारंभिक चरण में ही ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार की जा रही है, ताकि लोगों की मेहनत की कमाई को जोखिम से बचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को गांव अकबरपुर बरोटा की राजस्व संपदा में, अकबरपुर बरोटा पुलिस चौकी के सामने लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा गांव बाजिदपुर सबौली से अकबरपुर बरोटा मार्ग पर करीब 18 एकड़ भूमि में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां डब्ल्यूबीएम सड़क, कच्चे रास्ते तथा व्यावसायिक शेड बनाकर प्लॉट काटे जा रहे थे। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर इन निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें। ऐसी कॉलोनियों में सरकार की ओर से सड़क, पेयजल, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, जिससे खरीदारों को भविष्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी को विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति नियमों की अनदेखी कर कॉलोनी विकसित करता पाया गया तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए जिला नगर योजनाकार कार्यालय, प्रथम तल, एचएसवीपी कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-15, सोनीपत में संपर्क किया जा सकता है।
