परशुराम आदर्शों पर सेवा संकल्प, अमित शौनक बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
सोनीपत: पंडित अमित शौनक।
सोनीपत। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंस्था के परशुराम सेना प्रकोष्ठ में संगठनात्मक मजबूती को विस्तार देते हुए सोनीपत के पंडित अमित शोनक को पुनः राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आदित्य मिश्रा सहित संस्था के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
अमित शौनक ने कहा कि वे पिछले 21 वर्षों से श्री देवी माता चिटानी वाली के दरबार में सेवा कर रहे हैं। समाज के प्रबुद्धजनों का स्नेह और आशीर्वाद ही उन्हें ब्राह्मण समाज की सेवा का अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने भगवान परशुराम के आदर्शों-धर्म, न्याय, सत्य और सेवा-को अपने जीवन का मार्गदर्शन बताते हुए कहा कि परशुराम केवल शस्त्र के नहीं, बल्कि शास्त्र और सदाचार के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि अपने बड़ों के आदर्शों को श्रद्धा, भक्ति और समर्पण के साथ व्यवहार में उतारना ही सच्ची सेवा है। संगठन के माध्यम से समाज में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा।
अमित शौनक ने भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया और कहा कि ब्राह्मण समाज के हितों की रक्षा व उत्थान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। यह नियुक्ति युवाओं को धर्म और सेवा के मार्ग पर प्रेरित करने का संदेश देती है।
