March 10, 2026

सोनीपत: रामधारी शर्मा बने राई खेलकूद विद्यालय के प्राचार्य-निदेशक

Ramdhari Sharma became the Principal-Director of Rai Sports School.

रामधारी शर्मा बने राई खेलकूद विद्यालय के प्राचार्य-निदेशक

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के राई स्थित प्रतिष्ठित खेल शिक्षण संस्थान मोतीलाल नेहरू खेल विद्यालय में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। वरिष्ठ शिक्षाविद् रामधारी शर्मा ने विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशक के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

पदभार संभालने के बाद रामधारी शर्मा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य विद्यालय में शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता को और अधिक सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि संस्थान की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाते हुए खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि नई योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों और छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और खेल संस्कृति को और मजबूत बनाया जाएगा।

विद्यालय परिवार ने नए प्राचार्य एवं निदेशक का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

About The Author