सोनीपत खबर: सोनीपत हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक शुभारंभ से पहले पंडित बड़ौली ने किया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण
सोनीपत: रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करते हुए नेता व अधिकारी।
सोनीपत, अजीत कुमार। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना एवं बड़वासनी रेलवे स्टेशनों का दौरा कर 17 जुलाई को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस अवसर पर मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी 17 जुलाई को जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह अत्याधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल ट्रेन पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना एवं बड़वासनी रेलवे स्टेशनों से होते हुए सोनीपत पहुंचेगी। यह उपलब्धि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम है तथा भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और हरित ऊर्जा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। दौरे के दौरान सभी रेलवे स्टेशनों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन का भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ स्वागत करने का संकल्प व्यक्त किया। पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है और बड़ी संख्या में नागरिक इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
इस निरीक्षण दौरे में भाजपा जिला अध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, भाजपा जिला अध्यक्ष जींद तेजेंद्र ढुल, आजाद नहरा, विनोद त्यागी, महेश प्रधान, जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
