पद्म पुरस्कार 2026 का ऐलान: धर्मेंद्र, शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म विभूषण–भूषण, रोहित शर्मा से हरमनप्रीत कौर तक 131 विभूतियां सम्मानित
अभिनेता धर्मेंद्र को पद्म विभूषण और शिबू सोरेन पद्म भूषण सम्मान .
नई दिल्ली, अजीत कुमार। केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस वर्ष कुल 131 पद्म पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं हैं, जबकि 6 सम्मान विदेशी नागरिक, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी में आते हैं। इसके अलावा 16 हस्तियों को मरणोपरांत पद्म सम्मान से नवाजा जाएगा।
पद्म विभूषण (5)
पद्म विभूषण के लिए जिन पांच विशिष्ट व्यक्तियों का चयन किया गया है, उनमें दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र सिंह देओल (कला, महाराष्ट्र), के. टी. थॉमस (लोक कार्य, केरल), प्रख्यात वायलिन वादक एन. राजम (कला, उत्तर प्रदेश), साहित्य एवं शिक्षा क्षेत्र से पी. नारायणन (केरल) और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी. एस. अच्युतानंदन (लोक कार्य, मरणोपरांत) शामिल हैं।
पद्म भूषण (13)
पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक (कला, महाराष्ट्र), उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (लोक कार्य), वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कालीपट्टी रामासामी पलानीस्वामी (चिकित्सा, तमिलनाडु), अभिनेता मम्मूटी (कला, केरल), अमेरिका स्थित चिकित्सक डॉ. नोरी दत्तात्रेयुडु (चिकित्सा), विज्ञापन जगत की चर्चित हस्ती पीयूष पांडे (कला, मरणोपरांत, महाराष्ट्र), सामाजिक कार्यकर्ता एस. के. एम. माइलानंदन (तमिलनाडु), विद्वान शतावधानी आर. गणेश (कला, कर्नाटक), झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (लोक कार्य, मरणोपरांत), उद्योगपति उदय कोटक (व्यापार एवं उद्योग, महाराष्ट्र), वी. के. मल्होत्रा (लोक कार्य, मरणोपरांत, दिल्ली), वेल्लापल्ली नटेशन (लोक कार्य, केरल) और पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज (खेल, संयुक्त राज्य अमेरिका) शामिल हैं।
पद्म श्री (113)
पद्म श्री पुरस्कार पाने वालों में खेल, कला, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों की अनेक नामचीन हस्तियां शामिल हैं। प्रमुख नामों में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा, महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार सहित कुल 113 हस्तियां शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि पद्म पुरस्कार समाज के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का माध्यम हैं। 2026 की सूची में कला, खेल, चिकित्सा, लोक कार्य, व्यापार, सामाजिक सेवा और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिलती है।
