July 22, 2026

अगवानपुर अंडरपास की बाधा दूर होगी: बिजली लाइन शिफ्ट करने पहुंची रेलवे टीम

Obstruction at Agwanpur underpass to be cleared; Railway team arrives to shift power lines.

गन्नौर: रेलवे के अधिकारी बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ मौका निरीक्षण करते हुए।

गन्नौर, अजीत कुमार। अगवानपुर रेलवे फाटक के पास राजलू गढ़ी रोड पर निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास के कार्य में लंबे समय से बाधा बनी बिजली आपूर्ति लाइन का निरीक्षण करने के लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली से गन्नौर पहुंचे। अधिकारियों ने बिजली निगम के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रेलवे के कार्यपालक अभियंता जितेंद्र ककरोड़, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता राजेंद्र अग्रवाल, बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता गोपीचंद तथा रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य त्रिलोकचंद मौजूद रहे। बिजली निगम ने लाइन स्थानांतरित करने के लिए ठेकेदार को भी मौके पर बुलाया, लेकिन कम जगह और जलभराव के कारण उसने तत्काल कार्य करने में असमर्थता जताई। इसके बाद रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कर रही एजेंसी ने बिजली लाइन स्थानांतरित कराने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य त्रिलोकचंद ने अधिकारियों को बताया कि अंडरपास का निर्माण कार्य करीब डेढ़ वर्ष से जारी है। निर्माण अधूरा होने के कारण क्षेत्र के लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि बिजली लाइन हटने के बाद अंडरपास का निर्माण तेजी से पूरा कराया जाए।

रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि बिजली लाइन स्थानांतरित होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अंडरपास का निर्माण अगस्त के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद रेलवे फ्लाईओवर का कार्य सितंबर के अंत तक पूर्ण कर अक्टूबर के अंत तक आमजन के आवागमन के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author