March 12, 2026

पेपर में नकल: सोनीपत कुंडली परीक्षा केंद्रों पर सामूहिक नकल, छह शिक्षक हटाए

Mass cheating at Sonepat Kundli exam centres, six teachers removed

सोनीपत: परीक्षा केंद्र कुंडली तथा इनसेट में स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स द्वारा बरामद जाली आई कार्ड।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। बोर्ड अध्यक्ष की विशेष त्वरित कार्रवाई दल (आरएएफ) ने कुंडली स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए दो परीक्षा केंद्रों पर अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें सामूहिक नकल, समय से पहले प्रश्नपत्र बांटना और बंद पड़े सीसीटीवी शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में सामूहिक नकल के छह मामले पकड़े गए। मौके पर ही नकल के मामलों की रिपोर्ट तैयार कर बोर्ड मुख्यालय को भेज दी गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नकल से जुड़े छह मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। इसे बोर्ड परीक्षाओं के दौरान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र वितरित कर दिए गए थे। यह बोर्ड के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी बोर्ड मुख्यालय को भेजी गई है ताकि आगे कठोर कार्रवाई की जा सके।

ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में छह शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया। इनमें कुंडली केंद्र संख्या-1 से वीना, राजबीर दहिया और रविंद्र कुमार शामिल हैं। वहीं केंद्र संख्या-2 से वतन, धर्मेंद्र और ललित को भी ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि विद्यालय की प्राचार्य शीला सहरावत ने अपने ही विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा केंद्र में लगा दी थी, जबकि बोर्ड के नियमों के अनुसार ऐसा करना प्रतिबंधित है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की ड्यूटी लगाने और बिना अनुमोदन के पहचान पत्र जारी करने की अनियमितता भी सामने आई।

केंद्र संख्या-1 के पर्यवेक्षक पर भी ड्यूटी में लापरवाही तथा निरीक्षण दल के सदस्यों से दुर्व्यवहार का आरोप लगा। इस कारण उसे भी ड्यूटी से हटा दिया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले, जबकि परीक्षा के समय उनका चालू रहना अनिवार्य है।

विशेष दल ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर बोर्ड मुख्यालय को भेज दी है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की है। इस कार्रवाई के बाद जिले के परीक्षा केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

About The Author