March 13, 2026

सोनीपत क्राइम: महिला हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Main accused in woman murder case arrested

सोनीपत: महिला हत्या के मामले गिरफ्तार मुख्य आरोपी।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने महिला की ब्लाइंड हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आदेशानुसार पुलिस रिमांड पर लिया गया है। यह कार्रवाई जिले की अपराध इकाई खरखौदा की टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, थाना खरखौदा क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत में बताया गया कि महिला खेतों की ओर गई थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान उसका शव नाले के पास पड़ा मिला। शव की स्थिति से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। शरीर पर चोटों के निशान, आंख और गाल के पास घाव तथा गले में सूजन पाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खरखौदा में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त खरखौदा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस ने महिला की हत्या में संलिप्त मुख्य आरोपी हर्षित निवासी सोनीपत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त साधनों और घटना के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की जा रही है। दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

About The Author